एलिगेंट पब्लिक स्कूल में साइबर सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित



विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय, 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी

चांपा। एलिगेंट वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित चांपा बर्रा रोड स्थित एलिगेंट पब्लिक स्कूल में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और उनसे बचाव के जरूरी उपायों की जानकारी देना रहा।

कार्यक्रम में प्रशिक्षु उप निरीक्षक रुखसाना बानो ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज लगभग सभी घरों में मोबाइल फोन का उपयोग हो रहा है, ऐसे में बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि किसी भी अनजान लिंक को ओपन न करें और अज्ञात व्यक्ति की वीडियो कॉल को रिसीव करने से बचें।

उन्होंने कहा कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा नहीं करना चाहिए। साइबर अपराधी अक्सर अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर उनकी निजी जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में सतर्कता ही साइबर अपराध से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।

प्रशिक्षु उप निरीक्षक ने विद्यार्थियों को अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने और बेवजह वीडियो देखने से बचने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग ज्ञानवर्धक एवं आवश्यक कार्यों के लिए जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार हो जाता है तो घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए तथा नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती माता के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक व्योमेश लिल्हारे भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में एलिगेंट वेलफेयर सोसाइटी के नागेंद्र गुप्ता, विवेक शर्मा, विकी मनमानी, प्रकाश अग्रवाल, अनिल सोनी सहित स्कूल की प्राचार्य श्रीमती सोनी, समस्त शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

WhatsApp Image 2025 09 22 at 11.59.38 1 Console Corptech
10.jpg Console Corptech

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button