
नवरात्रि और दशहरा उत्सव को लेकर कल होगी शांति समिति की बैठक
दुर्गा उत्सव समितियों, गरबा आयोजकों और पत्रकारों को किया गया आमंत्रित, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था पर होगी चर्चा
चांपा। नगर में नवरात्रि पर्व और भालेराव मैदान में आयोजित होने वाले दशहरा उत्सव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार, 10 अक्टूबर को शांति समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक थाना चांपा परिसर में दोपहर 3 बजे होगी, जिसमें एसडीओपी चांपा एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व चांपा की उपस्थिति में आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में नगर की समस्त दुर्गा उत्सव समितियों, दशहरा उत्सव समिति, गरबा आयोजन समितियों तथा प्रिंट मीडिया एवं वेब पोर्टल से जुड़े पत्रकारों को आमंत्रित किया गया है।
बैठक में मां दुर्गा के पंडालों की व्यवस्था, भालेराव मैदान में दशहरा उत्सव के भव्य आयोजन, प्रशासनिक अनुमति एवं नियमों के पालन, यातायात प्रबंधन, अस्थायी पार्किंग, कानून-व्यवस्था, ध्वनि नियंत्रण, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही महिला सुरक्षा, आपसी सहयोग और जनजागरूकता को लेकर भी सुझाव लिए जाएंगे।
नवरात्रि और दशहरा नगर के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हैं, जिनमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी रहती है। ऐसे में पर्व के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं आयोजन समितियों के बीच समन्वय स्थापित करना बैठक का प्रमुख उद्देश्य है।
थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार शेंडे ने सभी संबंधित समितियों, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों से बैठक में उपस्थित होकर अपने सुझाव देने की अपील की है।




