
“उपलब्धियां गिनाने में नहीं, करके दिखाने में विश्वास” — आयुष शर्मा
सक्ति। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-1 के सदस्य एवं सभापति आयुष शर्मा (अनपूर्णा) ने अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित प्रेसवार्ता में विकास कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे प्रचार से अधिक धरातल पर परिणाम देने में विश्वास रखते हैं।
आयुष शर्मा ने क्षेत्र की जनता और मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष में उन्होंने गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए ठोस पहल की। उनका उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि योजनाओं को जमीनी स्तर पर उतारना रहा है।
सड़क और आधारभूत ढांचे पर विशेष फोकस
संकल्प बजट के तहत क्षेत्र में सड़क निर्माण, चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के कई महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत हुए हैं। प्रमुख कार्यों में—
जैजैपुर चौक से ठठारी तक 12 किमी सड़क निर्माण (लगभग 96 लाख रुपए)
किरारी से नवापारा, नवापारा से नंदेली, बासिन से डोंगिया मार्ग निर्माण
नवीन जिला चिकित्सालय परिसर से मुख्य मार्ग तक सड़क निर्माण
जैसे विकास कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं पर करोड़ों रुपये की स्वीकृति मिली है, जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदलने की उम्मीद है।
बिजली और अन्य सुविधाओं का विस्तार
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल के माध्यम से कई गांवों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। बरसात के समय प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की गई। साथ ही स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए भी विशेष प्रयास किए गए।
बजट में क्षेत्र को प्राथमिकता
आयुष शर्मा ने बताया कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट में जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-1 के विकास कार्यों को प्राथमिकता मिली है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया।
प्रेसवार्ता में बाराद्वार नगर पंचायत के उपाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, जोगी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अर्जुन राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
अंत में आयुष शर्मा ने कहा कि यह एक वर्ष उपलब्धियों की शुरुआत है। आने वाले समय में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में और भी बड़े कार्य किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।




