
एबीवीटीपीएस से सेवानिवृत्त हुए दो कर्मचारियों को दी गई भावपूर्ण विदाई
जांजगीर, 03 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी मर्यादित अंतर्गत अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह (एबीवीटीपीएस), मड़वा से जनवरी माह में अनुभाग अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव एवं फार्मासिस्ट अंबल मसीह सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पावर कंपनी परिवार की ओर से दोनों कर्मचारियों को भावपूर्ण विदाई दी गई।
तकनीकी भवन स्थित सभाकक्ष में आयोजित दीर्घ सेवा सम्मान समारोह की अध्यक्षता मुख्य अभियंता एच.एन. कोसरिया ने की। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सेवाओं की सराहना करते हुए पावर कंपनी की ओर से आभार व्यक्त किया। मुख्य अभियंता द्वारा दोनों कर्मचारियों को स्मृतिचिह्न एवं सेवा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त मुख्य अभियंता आलोक लकरा, एस.डी. द्विवेदी, आर.के. साव एवं एन. लकरा की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वस्थ एवं सुखमय जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
उल्लेखनीय है कि अनुराग श्रीवास्तव ने विद्युत मंडल एवं पावर कंपनी में कुल 41 वर्ष 1 माह 15 दिन की दीर्घ सेवा प्रदान की। उनकी प्रथम नियुक्ति कोरबा पूर्व में कार्यालय सहायक श्रेणी-तीन (प्रशिक्षु) के पद पर हुई थी। वहीं, अंबल मसीह ने 27 वर्ष 28 दिन की सेवाएं दीं।
इस अवसर पर दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने दीर्घ सेवाकाल के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का संचालन विधि अधिकारी रमेश टंडन ने किया, जबकि आयोजन में रामनारायण राठौर का विशेष सहयोग रहा।




