










कोसमंदा में एक दिवसीय गुरु घासीदास जयंती समारोह एवं मड़ाई मेला आयोजित
जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा से लगे ग्राम कोसमंदा के भदरा खार, जयस्तंभ के पास सतनामी समाज द्वारा रविवार 11 जनवरी को संत शिरोमणि गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर एक दिवसीय जयंती समारोह एवं मड़ाई मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजजनों सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे पूजा-अर्चना एवं कलश स्थापना के साथ हुई। वहीं दोपहर से भंडारे का शुभारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ विधानसभा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत एवं जांजगीर-चांपा की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े शामिल हुईं। दोनों अतिथियों ने मंच से उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, उमा राजेंद्र राठौर, कोसमंदा सरपंच संजय रत्नाकर, धीरेन्द्र बाजपेई, लछनपुर सरपंच गेंदराम कुर्रे, बिरगहनी सरपंच जितेंद्र पाटले, सुनील साधवानी, नागेंद्र गुप्ता, प्रदीप पाटले, गुलजार सिंह, राघवेंद्र नामदेव, बालपुर सरपंच अनिल चौहान, भगवान दास सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लोक कला मंच, बिलासपुर द्वारा प्रस्तुत आदर्श पंथी पार्टी, जाटा की सांस्कृतिक प्रस्तुति रही, जिसने मेले में आए दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर कोसमंदा सरपंच संजय रत्नाकर द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि डॉ. चरणदास महंत का स्वागत किया गया। वहीं कृष्णा टंडन ने भी परिवार सहित मंच पर अतिथियों का फूलमालाओं से स्वागत किया।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर डॉ. चरणदास महंत ने संत शिरोमणि गुरु घासीदास जी के तैलचित्र की पूजा-अर्चना की तथा जयस्तंभ की परिक्रमा कर ध्वज चढ़ाया। इसके पश्चात कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई। अपने उद्बोधन में उन्होंने गुरु घासीदास जी के सत्य, अहिंसा, समानता और मानवता के संदेशों पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए समाजजनों एवं ग्रामवासियों की बड़ी उपस्थिति रही, जिससे एक दिवसीय जयंती समारोह एवं मड़ाई मेले का आयोजन सफल रहा।




