
चांपा के एक व्यापारी का 21 लाख रुपये लेकर हरीश लापता, थाने में अपराध दर्ज
चांपा।
चांपा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक व्यापारी की फर्म से जुड़ा कर्मचारी 21 लाख रुपये की वसूली लेकर लापता हो गया है। घटना के बाद चांपा थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, 9 जनवरी 2026 की रात चांपा नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी राजेंद्र अग्रवाल ने चांपा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनकी फर्म अरविंद इंडस्ट्रीज, चांपा में जनरल सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हरीश देवांगन, निवासी चांपा, पिछले 3–4 वर्षों से फर्म में कार्यरत था और वसूली का कार्य करता था।
शिकायत के अनुसार, 9 जनवरी की सुबह लगभग 10:30 बजे हरीश रोज़ की तरह राशि कलेक्शन के लिए निकला था। वह सामान्यतः शाम 4 बजे तक वापस लौट आता था, लेकिन उस दिन वह वापस नहीं लौटा। बताया गया कि हरीश ने
सक्ती से लगभग 16 लाख रुपये
बाराद्वार (ठठारी) से लगभग 5 लाख रुपये
कुल 21 लाख रुपये की वसूली की थी।
जब देर शाम तक हरीश नहीं लौटा, तो फर्म संचालक द्वारा उससे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद बताया गया। इसके बाद परिजनों और परिचितों से पूछताछ की गई, परंतु हरीश का कोई सुराग नहीं मिल पाया। अंततः फर्म संचालक ने थाना चांपा पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही चांपा पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई है कि हरीश देवांगन को आखिरी बार घाटोली चौक के पास देखा गया था। पुलिस उसके मोबाइल लोकेशन, संपर्कों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं—
क्या हरीश सुरक्षित है?
क्या वह पैसों के लालच में स्वयं लापता हुआ है?
या फिर वह किसी अनहोनी का शिकार हो गया है?
फिलहाल पुलिस जांच जारी है और ठोस कार्रवाई व जांच पूरी होने के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा। घटना के बाद से नगर में चर्चाओं का माहौल गर्म बना हुआ है।




