सिवनी में भाजपा का मंडल प्रशिक्षण वर्ग शुरू, राजकीय गीत के साथ हुआ शुभारंभ, कार्यकर्ताओं को मिला संगठन का मंत्र




सिवनी में भाजपा का मंडल प्रशिक्षण वर्ग शुरू, राजकीय गीत के साथ हुआ शुभारंभ, कार्यकर्ताओं को मिला संगठन का मंत्र
जांजगीर/सक्ति । चांपा के समीप स्थित ग्राम सिवनी के बजरंग चौक स्थित अटल समरसता भवन में भारतीय जनता पार्टी का दो दिवसीय मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आज से शुरू हो गया है। प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत के साथ किया गया, जिसके बाद कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई। प्रशिक्षण में मंडल क्षेत्र के बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उत्साह के साथ शामिल हुए।
प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को भाजपा की विचारधारा, संगठन की कार्यप्रणाली, बूथ प्रबंधन और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि पार्टी की मजबूती बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है, इसलिए हर कार्यकर्ता को जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
इस प्रशिक्षण वर्ग में बूथ अध्यक्ष, मंडल कार्यकारिणी के सदस्य, शक्ति केंद्र प्रभारी एवं संयोजक, विभिन्न मोर्चा के मंडल अध्यक्ष और महामंत्री के साथ ही मंडल क्षेत्र में निवासरत जिला एवं प्रदेश पदाधिकारी भी शामिल हुए। इसके अलावा जिला पंचायत और जनपद पंचायत के निर्वाचित जनप्रतिनिधि तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।यह प्रशिक्षण वर्ग 15 और 16 मार्च तक चलेगा। दो दिनों तक अलग-अलग विषयों पर सत्र आयोजित कर कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्य, अनुशासन और आगामी चुनौतियों को लेकर मार्गदर्शन दिया जाएगा। प्रशिक्षण वर्ग का समापन 16 मार्च को सुबह 11 बजे किया जाएगा।




