




पोस्ट ऑफिस के नाम पर फिर भरोसे का कत्ल!
एजेंट बनकर लाखों डकारने का आरोप, पैसा मांगने पहुंचे हितग्राहियों ने घर के सामने गाड़ दिया टेंट
Champa। चांपा नगर में एक बार फिर पोस्ट ऑफिस के नाम पर लोगों की मेहनत की कमाई गायब होने का मामला सामने आया है। कुछ महीने पहले हुए चर्चित फर्जीवाड़े की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि अब इमली घाट निवासी Krishna Kumar Gupta उर्फ कांतु पर पोस्ट ऑफिस एजेंट बनकर लाखों रुपए की वसूली कर हड़पने के गंभीर आरोप लग रहे हैं।
लोगों का कहना है कि कांतु घर-घर जाकर पोस्ट ऑफिस की योजनाओं का सपना दिखाता रहा, खाते खुलवाता रहा और हर महीने रकम वसूलता रहा। मगर जब हितग्राहियों ने पोस्ट ऑफिस जाकर जानकारी निकाली तो पैरों तले जमीन खिसक गई। जिन पैसों को लोग अपनी जमा पूंजी समझ रहे थे, वह रकम पोस्ट ऑफिस तक पहुंची ही नहीं।
अब बड़ा सवाल यही है कि आखिर गरीबों की गाढ़ी कमाई गई कहां?
क्या रकम जमीन निगल गई या आसमान खा गया?
नगर में चर्चा इस बात की भी है कि पिछली घटना के बाद भी लोगों ने सबक नहीं लिया और एजेंटों के भरोसे अपनी जिंदगी भर की बचत सौंपते रहे। अब वही लोग दर-दर भटकते नजर आ रहे हैं।
पैसा मांगने पहुंचे लोग, पत्नी बोली – “घर में नहीं है”
बुधवार को लगभग 50 से 60 महिला-पुरुष हितग्राहियों का गुस्सा फूट पड़ा। सभी सीधे आरोपी के घर पहुंच गए और अपनी रकम लौटाने की मांग करने लगे। आरोप है कि हर बार “जल्द पैसा दूंगा” का झुनझुना पकड़ा दिया जाता था, लेकिन पैसा कभी वापस नहीं मिला।
हितग्राहियों के अनुसार घर में मौजूद पत्नी ने लोगों से दुर्व्यवहार करते हुए Krishna Kumar Gupta के घर में नहीं होने की बात कही और वहां से चले जाने को कहा। बस फिर क्या था, महिलाओं ने मोर्चा संभाल लिया और घर के सामने ही टेंट लगाकर धरने पर बैठ गईं।
महिलाओं का साफ कहना है —
“या तो पैसा वापस मिलेगा, नहीं तो धरना जारी रहेगा।”
“हमारे मोहल्ले के ही करोड़ रुपए फंसे हैं”
Sunita Yadav ने आरोप लगाते हुए कहा कि यादव पारा क्षेत्र में ही 100 से ज्यादा खाते होने की संभावना है। उनका दावा है कि सिर्फ उनके मोहल्ले के लोगों के लगभग 80 लाख से 1 करोड़ रुपए तक फंसे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा बर्बादी गरीब परिवारों की हुई है। किसी ने मजदूरी से बचत की, किसी ने बच्चों की पढ़ाई के लिए पैसा जोड़ा, तो किसी ने बेटी की शादी के लिए रकम जमा की थी। आज वही लोग अपने ही पैसों के लिए आरोपी के घर के चक्कर काट रहे हैं।
बाजार में एक और चर्चा गर्म
सूत्रों के मुताबिक कुछ दिन पहले नगर के एक दबंग व्यक्ति ने भी रकम वापस नहीं मिलने पर बीच सड़क में आरोपी की जमकर पिटाई कर दी थी। बताया जा रहा है कि मार खाने के बाद कुछ लोगों की रकम लौटाई गई। अब यह बात पूरे नगर में आग की तरह फैल चुकी है और कई हितग्राही खुलकर सामने आने लगे हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस, मगर लोगों का गुस्सा शांत नहीं
धरने और बढ़ते हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभालने का प्रयास किया। लेकिन हितग्राहियों का कहना है कि अब केवल आश्वासन नहीं, उन्हें अपनी पूरी रकम वापस चाहिए।
चांपा नगर में फिलहाल एक ही सवाल गूंज रहा है —
आखिर कब तक गरीबों की मेहनत की कमाई ऐसे ही एजेंटों के भरोसे लुटती रहेगी?






