कुलीपोटा गांव की बेटी पूजा साहू बनीं अधीक्षक, CGPSC पास कर बढ़ाया जिले का मान



कुलीपोटा गांव की बेटी पूजा साहू बनीं अधीक्षक, CGPSC पास कर बढ़ाया जिले का मान
जांजगीर-चांपा। जिले के जिला मुख्यालय के समीप स्थित ग्राम कुलीपोटा की 26 वर्षीय पूजा साहू ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) परीक्षा उत्तीर्ण कर महिला एवं बाल विकास विभाग में अधीक्षक के पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से पूरे गांव में खुशी का माहौल है और बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है।
पूजा साहू, विजय साहू एवं माता चंद्रिका देवी की पुत्री हैं। बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही पूजा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नैला के सरस्वती शिशु मंदिर से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा के दौरान भी लगातार मेहनत जारी रखी और अपने लक्ष्य को पाने के लिए दिन-रात तैयारी करती रहीं।
सीमित संसाधनों और कई चुनौतियों के बावजूद पूजा ने हार नहीं मानी और कड़ी मेहनत के दम पर CGPSC जैसी कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि के पीछे माता-पिता और परिवार का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया।
पूजा की सफलता से कुलीपोटा गांव सहित पूरे जिले में गर्व का माहौल है। गांव के युवाओं में भी इस सफलता से उत्साह देखा जा रहा है।
पूजा साहू ने कहा कि वह अपने पद की जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी से निभाते हुए महिला एवं बच्चों के हित में बेहतर कार्य करने का प्रयास करेंगी।




