हाई स्कूल मड़वा में चोरी का खुलासा, दो नाबालिग सहित 3 आरोपी गिरफ्तार

हाई स्कूल मड़वा में चोरी का खुलासा, दो नाबालिग सहित 3 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के मड़वा स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में हुई चोरी की वारदात का सिटी कोतवाली पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गए इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए हैं। आरोपियों के कब्जे से टीवी, लैपटॉप, प्रोजेक्टर सहित करीब 80 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार मामले का मुख्य आरोपी उमेश बंजारे उर्फ ननकी पिता सोनसाय बंजारे उम्र 22 वर्ष निवासी औराईकला चौकी नैला जांजगीर है। उसके साथ दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राम मड़वा के एक शिक्षक ने थाना सिटी कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 15 मई 2026 की शाम स्कूल स्टाफ स्कूल बंद कर घर चला गया था। 18 मई की सुबह स्कूल के प्राचार्य ने फोन कर बताया कि स्कूल का ताला टूटा हुआ है और चोरी हो गई है। जब स्टाफ स्कूल पहुंचा तो कार्यालय, प्राचार्य कक्ष, प्रयोगशाला और स्टाफ रूम के ताले टूटे मिले। वहीं कार्यालय और लैब में तोड़फोड़ भी की गई थी। चोर स्टाफ रूम में लगा टीवी, प्रोजेक्टर और ऑफिस में रखा लैपटॉप चोरी कर ले गए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना तत्काल पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ की, जिसमें कुछ संदिग्धों के नाम सामने आए। घेराबंदी कर उमेश बंजारे उर्फ ननकी को पकड़ा गया। पूछताछ में पहले वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए टीवी, लैपटॉप और प्रोजेक्टर बरामद कर लिए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि नाबालिगों के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक एवं थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, प्रधान आरक्षक प्रकाशचंद्र राठौर, आरक्षक शंकर राजपूत और तोरन डहरिया की विशेष भूमिका रही।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button