


चांपा के कोसा व्यापारियों की अनोखी शिकायत, रायगढ़ के एक व्यापारी द्वारा बदनाम करने का आरोप
चांपा। थाना क्षेत्र अंतर्गत चांपा के कुछ कोसा व्यवसायी बुधवार शाम एक अनोखी शिकायत लेकर थाना पहुंचे। व्यापारियों ने लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रायगढ़ के एक कोसा व्यापारी पर सार्वजनिक रूप से बदनाम करने, सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो डालने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी ने आवेदन व उपलब्ध साक्ष्य लेकर जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
क्या है मामला
शिकायत के अनुसार चांपा के तीन कोसा व्यापारियों का रायगढ़ निवासी व्यापारी मनोज देवांगन के साथ पिछले कुछ वर्षों से लेन-देन था। हाल के समय में व्यापारिक गतिविधि कम होने के बाद बकाया राशि को लेकर विवाद की स्थिति बनी। चांपा के व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने आमने-सामने बैठकर हिसाब चुकता करने का प्रस्ताव दिया, परंतु संबंधित व्यापारी ने समझौते के बजाय अलग तरीका अपनाया।
व्यापारियों का आरोप है कि मनोज देवांगन ने स्वयं को “बकाया राशि न मिलने से भिखारी बन गया” बताकर रायगढ़ व आसपास के क्षेत्रों में भीख मांगने का नाटक शुरू किया। इतना ही नहीं, एक रथ बनवाकर उस पर माता काली की प्रतिमा स्थापित कर रथ खींचते हुए सड़कों पर घूमना शुरू किया, जिसमें कथित रूप से चांपा के तीन व्यापारियों की फोटो और बकाया राशि का उल्लेख प्रदर्शित किया गया। इससे उनकी प्रतिष्ठा और व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की बात कही गई है।
पहले भी हुई थी आपत्ति
व्यापारियों ने बताया कि इससे पहले वे सारंगढ़ क्षेत्र में संबंधित थाने में आपत्ति दर्ज करा चुके हैं। वहां दोनों पक्षों को बुलाकर आपसी लेन-देन बैठकर निपटाने की सलाह दी गई थी और सोशल मीडिया पर बदनाम न करने की हिदायत भी दी गई थी। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इसके बावजूद सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो पोस्ट कर उन्हें बदनाम करने और ब्लैकमेल करने की कोशिश जारी है।
एक शिकायतकर्ता शिव देवांगन ने आरोप लगाया कि उन्होंने व्हाट्सऐप के माध्यम से हिसाब चुकता करने का संदेश भेजा था, जिसे कथित तौर पर स्क्रीनशॉट कर सोशल मीडिया पर गलत संदर्भ में साझा किया गया। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि संबंधित व्यापारी अपने साथ परिवार और कैमरा टीम लेकर वीडियो बनवाते हैं, जिन्हें बाद में संपादित कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जाता है।
‘बाहुबली’ सीरीज का भी जिक्र
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित व्यापारी द्वारा स्वयं को फिल्मी अंदाज में प्रस्तुत करते हुए कई वीडियो “सीरीज” के रूप में जारी किए जा रहे हैं। व्यापारियों ने तंज कसते हुए कहा कि यदि कोई स्वयं को आर्थिक रूप से पूरी तरह असहाय बता रहा है, तो इस प्रकार की वीडियो सीरीज और प्रचार-प्रसार कैसे संभव है। (शिकायतकर्ताओं ने इसे फिल्म बाहुबली: द बिगिनिंग की शैली से तुलना की है।)
चैंबर अध्यक्ष का बयान
इस प्रकरण को लेकर चैंबर ऑफ कॉमर्स चांपा के अध्यक्ष सुनील सोनी ने कहा कि व्यापारिक विवादों का समाधान आपसी संवाद और विधिक प्रक्रिया के तहत होना चाहिए। किसी भी व्यापारी की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने या सोशल मीडिया के माध्यम से दबाव बनाने की प्रवृत्ति उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि शिकायत सही पाई जाती है तो चैंबर भी व्यापारियों के मान-सम्मान की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।
फिलहाल थाना चांपा में आवेदन दे दिया गया है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।



