


हसदेव नदी में कूदकर महिला ने दी जान, क्षेत्र में सनसनी
जांजगीर-चांपा। जिले के हसदेव नदी तट से एक दुखद घटना सामने आई है। नैला जांजगीर निवासी एवं वर्तमान में कृष्णा बिहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रही श्रीमती सरोज अग्रवाल (पति– आशीष अग्रवाल) ने लछनपुर ग्राम स्थित बाबाडेरा घाट पर नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीमती अग्रवाल अपनी टीवीएस कंपनी की स्कूटी जुपिटर से बाबाडेरा घाट पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि वह नदी किनारे खड़ी होकर मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान अचानक अज्ञात कारणों से उन्होंने नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद उनकी स्कूटी मौके पर ही खड़ी मिली, जिससे पुलिस को पहचान स्थापित करने में मदद मिली।
स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से नदी में डूबे शव को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक एवं सनसनी का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद रहे।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का खुलासा पुलिस विवेचना के बाद ही हो सकेगा।




