





तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से युवक की मौत: अस्पताल के सामने शव रखकर चक्का जाम, मुआवजे की मांग
जांजगीर चांपा जिले के चांपा–बिर्रा मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बनडभरा निवासी तरुण बंजारे की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह के सामने शव रखकर चक्का जाम कर दिया और मुआवजे व दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क अवरुद्ध कर दी।
जानकारी के अनुसार, तरुण बंजारे (उम्र लगभग 20–22 वर्ष), पिता रामरतन बंजारे, मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बम्हनीडीह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में परिजन और भीम आर्मी के कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे और शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मुआवजा और पिकअप चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चक्का जाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




