कोयले में मिलावट कर हेराफेरी करने वाले 3 ट्रक चालक गिरफ्तार, 115 टन कोयला और 3 ट्रेलर जब्त



चांपा। औद्योगिक इकाइयों तक पहुंचाए जाने वाले कोयले में मिलावट कर हेराफेरी करने के मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन ट्रक चालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 115.04 मीट्रिक टन कोयला तथा तीन ट्रेलर जब्त किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड (पीआईएल) चांपा के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने 28 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि भास्करपारा कोल माइंस, सूरजपुर से कुवर ट्रांसपोर्ट भैयाथान के माध्यम से तीन ट्रेलरों में कोयला पीआईएल चांपा के लिए भेजा गया था।

तीनों वाहन चालक 25 मई को कोयला लेकर रवाना हुए और 27 मई को दोपहर बाद प्लांट पहुंचे। जब आरएमएच विभाग में कोयला खाली कराया गया तो उसकी गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। जांच के दौरान कोयले में मिलावट होने की आशंका सामने आई, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

थाना चांपा पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए वाहन चालकों से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अमझर स्थित गणेश कोल डिपो में ट्रेलरों से उच्च गुणवत्ता वाला कोयला उतार दिया था और उसकी जगह निम्न गुणवत्ता का कोयला भरकर पीआईएल चांपा पहुंचाया था।

आरोपियों के मेमोरेंडम कथन और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने गणेश कोल डिपो अमझर में दबिश देकर बदला गया कोयला बरामद किया। कार्रवाई के दौरान लगभग 115.04 मीट्रिक टन कोयला तथा घटना में प्रयुक्त तीन ट्रेलर जब्त किए गए।

इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

1. शेख सरफरोज (35 वर्ष) निवासी गढ़वा, झारखंड


2. अजमत अंसारी (32 वर्ष) निवासी गढ़वा, झारखंड


3. रामचन्द्र (30 वर्ष) निवासी सोनभद्र, उत्तर प्रदेश



आरोपियों के विरुद्ध थाना चांपा में अपराध क्रमांक 269/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(3) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, गौरीशंकर राय एवं थाना चांपा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि औद्योगिक इकाइयों और खनिज परिवहन से जुड़े मामलों में हेराफेरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

WhatsApp Image 2025 09 22 at 11.59.38 1 Console Corptech
10.jpg Console Corptech

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button