













धूमधाम से मनाई गई अंबेडकर जयंती, निकली भव्य शोभायात्रा
चांपा। नगर में सर्व एकता मंच के आवाहन पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 16 स्थित घटोली चौक से हुई।
घटोली चौक पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सभी राजनीतिक दलों एवं समाज के लोगों की सहभागिता देखने को मिली। मंच पर उपस्थित वक्ताओं ने बाबा साहब के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शिता और संविधान निर्माण में उनकी भूमिका ने देश को नई दिशा दी है। उन्होंने सभी नागरिकों से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के पश्चात सर्व एकता मंच द्वारा नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा घटोली चौक से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए रामबांधा तालाब स्थित अंबेडकर भवन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। समापन स्थल पर सभी प्रतिभागियों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया।
शहर के विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का नागरिकों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। जगह-जगह लोगों ने शीतल पेय, शरबत, चॉकलेट और आइसक्रीम का वितरण किया। थाना चौक सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने फूलमाला पहनाकर यात्रा में शामिल लोगों का अभिनंदन किया।
बरपाली चौक में मुस्लिम समाज के लोगों ने भी शोभायात्रा का स्वागत किया। आयोजन समिति के सलीम मेमन ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए यात्रा में शामिल लोगों को राहत पहुंचाने के लिए पेय पदार्थों का विशेष प्रबंध किया गया था।
नगर के नागरिकों ने बाबा साहब के जीवन और उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश को समानता और अधिकार का मार्ग दिखाया। वहीं पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव ने कहा कि बाबा साहब के सिद्धांत सदैव प्रासंगिक रहेंगे और समाज को उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए।
पूरे आयोजन के दौरान पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था भी देखने को मिली, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।






