



चांपा में सजा रावण का बाजार, 100 से 1500 रुपये तक मिल रहे पुतले
कल भालेराव मैदान में होगा भव्य दशहरा उत्सव, जयाप्रदा और विधायक अनुज शर्मा की प्रस्तुति रहेगी आकर्षण का केंद्र
चांपा। विजयादशमी पर्व को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। दशहरा उत्सव से एक दिन पहले बाजार में रावण के पुतलों की दुकानें सज गई हैं। शहर के विभिन्न स्थानों पर दुकानदार रावण के पुतले बेच रहे हैं। बच्चों से लेकर बड़ों तक में दशहरा पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बाजार में रावण के पुतले 100 रुपये से लेकर लगभग 1500 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं। लोग अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार पुतलों की खरीदारी कर रहे हैं।
भालेराव मैदान में होगा भव्य दशहरा उत्सव
चांपा के भालेराव मैदान में कल 20 अक्टूबर को भव्य दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। आयोजन में फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा की मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रहेगी। वहीं छत्तीसगढ़ी सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता एवं वर्तमान विधायक अनुज शर्मा अपने ग्रुप के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन को यादगार बनाने के लिए समिति द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

50 फीट के रावण सहित कुंभकर्ण और मेघनाथ का होगा दहन
दशहरा उत्सव के दौरान 50 फीट ऊंचे रावण के साथ कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का भी दहन किया जाएगा। आधुनिक व्यवस्थाओं और भव्य आयोजन के जरिए विजयादशमी पर्व को खास बनाने की तैयारी है। उत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।


घर बैठे भी देख सकेंगे उत्सव का लाइव प्रसारण
मैदान में उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए आयोजन का यूट्यूब और फेसबुक के माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया जाएगा, ताकि जो लोग मैदान तक नहीं पहुंच सकेंगे, वे घर बैठे ही इस भव्य आयोजन का आनंद ले सकें। आयोजन समिति व्यवस्थाओं का अंतिम जायजा ले रही है, वहीं प्रशासन भी सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर मुस्तैदी से जुटा हुआ है।
चांपा में दशहरा पर्व को लेकर बाजारों की रौनक और आयोजन की तैयारियां बता रही हैं कि इस बार भालेराव मैदान में होने वाला उत्सव शहरवासियों के लिए खास आकर्षण रहने वाला है।



