



चांपा। त्योहारों के मद्देनजर चांपा पुलिस ने सोमवार सुबह थाना क्षेत्र में गुंडा-बदमाशों की परेड कराई। इस दौरान पुलिस ने संबंधित लोगों की गतिविधियों और वर्तमान आचरण की जानकारी ली। साथ ही उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जेल भेजा जाएगा।
यह जांच अभियान जिला पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलन्दन यार्क के निर्देशन, चांपा एसडीओपी लोकेश बंसल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी अशोक वैष्णव के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। अभियान में थाना पुलिस की टीम का सराहनीय सहयोग रहा। पुलिस ने गुंडा-बदमाशों को समझाइश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने या किसी तरह की आपराधिक गतिविधि में शामिल होने पर किसी भी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी।
थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने कहा कि क्षेत्र में अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। यदि किसी व्यक्ति की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं एसडीओपी लोकेश बंसल ने बताया कि नगर में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से यह जांच अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि नगर में चल रहे नशे के कारोबार को लेकर पुलिस एक्शन मोड में है और लगातार कार्रवाई की जा रही है। नगर में हाल ही में हुई घटनाओं को लेकर भी पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




