
जांजगीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बटनदार चाकू के साथ आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर चांपा। जांजगीर–चांपा पुलिस ने अपराधों की रोकथाम एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना जांजगीर (कोतवाली) पुलिस ने चेकिंग के दौरान बटनदार चाकू के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जांजगीर–चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में की गई। पुलिस टीम द्वारा शारदा चौक, जांजगीर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही थी, इसी दौरान एक युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध रूप से रखा गया बटनदार चाकू बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू तांती, पिता रामजतन तांती, उम्र 20 वर्ष, निवासी मुडापार, चौकी मानिकपुर, जिला कोरबा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जांजगीर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर, राकेश तिवारी, आलोक शर्मा एवं आरक्षक दिलीप सिंह का सराहनीय योगदान रहा।




