
चांपा नगर में गहराया बिजली संकट, विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
चांपा। नगर में इन दिनों बिजली व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी होती नजर आ रही है। भीषण गर्मी और लू के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती ने आम नागरिकों का जीना मुश्किल कर दिया है। बार-बार बिजली गुल होने से लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। नगरवासियों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही और कमजोर व्यवस्था का खामियाजा आम जनता भुगत रही है।
बीते कल भी शाम करीब 5 बजे बिजली गुल हो गई थी, जिसके बाद रात लगभग 11 बजे जाकर बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। हालांकि इसके बाद भी राहत नहीं मिली और रातभर कई बार बिजली का आना-जाना लगा रहा। बिजली की इस आंख मिचौली से लोग पूरी रात परेशान होते रहे। उमस और गर्मी के कारण लोगों का घरों में रहना तक मुश्किल हो गया था।
कई क्षेत्रों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने के बावजूद विभाग की ओर से न तो कोई पूर्व सूचना दी जाती है और न ही समस्या के समाधान को लेकर गंभीरता दिखाई देती है। शिकायत करने पर उपभोक्ताओं को संतोषजनक जवाब तक नहीं मिल पा रहा है। इससे लोगों में विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
एक तरफ स्वास्थ्य विभाग लगातार लू से बचने की सलाह दे रहा है, वहीं दूसरी तरफ बिजली विभाग की लचर व्यवस्था लोगों को गर्मी और उमस में झोंक रही है। घरों में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं। कूलर, पंखे और पानी की मोटर बंद हो जाने से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
नगरवासियों का आरोप है कि बिजली विभाग केवल बिल वसूली में सक्रिय नजर आता है, लेकिन सुविधाएं देने के मामले में विभाग पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो जनता आंदोलन करने को मजबूर होगी। वहीं नागरिकों ने उच्च अधिकारियों से बिजली विभाग की कार्यप्रणाली की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।




