


हसदेव नदी के दलदल में फंसी गौमाता को सुरक्षित निकाला, पहले भी कर चुके हैं कई रेस्क्यू
चांपा। हसदेव नदी के बीच दलदल में फंसी एक गौमाता को प्रयास सेवा संस्थान चांपा की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सुबह सूचना मिली कि नदी के दलदली हिस्से में एक गौमाता फंसी हुई है। सूचना नरेंद्र देवांगन द्वारा दी गई, जो नंद कुमार देवांगन को प्राप्त हुई। इसके बाद प्रयास सेवा संस्थान चांपा की टीम ने तत्काल रेस्क्यू टीम तैयार कर मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद गौमाता को सुरक्षित बाहर निकाला। बाहर निकालने के बाद गौ सेवकों द्वारा प्राथमिक उपचार भी किया गया।
इस रेस्क्यू अभियान में नंद कुमार देवांगन, युवराज सिंह कंवर, नरेंद्र देवांगन, नमन कामदार, वैभव शर्मा, शुभनाथ देवांगन सहित अन्य गौ रक्षक, गौ प्रेमी एवं स्थानीय लोगों का विशेष सहयोग रहा।
गौरतलब है कि यह पहला अवसर नहीं है जब संस्थान ने ऐसा सराहनीय कार्य किया हो। इससे पहले भी कई बार दलदल, नालों और विभिन्न स्थानों पर राखड़ (औद्योगिक अपशिष्ट) में फंसी गायों को संस्थान की टीम ने कड़ी मेहनत से सुरक्षित बाहर निकालकर मानवीय सेवा की मिसाल पेश की है।
स्थानीय नागरिकों ने संस्थान की टीम के इस निरंतर सेवा कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया है।




