crimeअवैधचाम्पाछत्तीसगढ़जांजगीरपुलिस

पालिका क्षेत्र में अवैध ईंट भट्टों की मनमानी चरम पर, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल

img 20260307 1715151244782669885177282 Console Corptech

पालिका क्षेत्र में अवैध ईंट भट्टों की मनमानी चरम पर, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल

चांपा। नगर पालिका क्षेत्र चांपा में इन दिनों अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों को लेकर रहवासियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड क्रमांक 13 और 14 में कई स्थानों पर बिना अनुमति के ईंट भट्टा संचालित किए जा रहे हैं, जिससे प्रदूषण बढ़ रहा है और लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।

नगर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही समस्याओं के बीच लोगों का कहना है कि शिकायत के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय चुप्पी साधे हुए हैं। यही कारण है कि अवैध कार्य करने वालों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं और नगर पालिका द्वारा जारी आदेशों का पालन नहीं हो पा रहा है।

स्थानीय रहवासियों के अनुसार ईंट भट्टों से निकलने वाला धुआं पूरे इलाके के वातावरण को प्रदूषित कर रहा है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर सबसे अधिक दुष्प्रभाव पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि लंबे समय तक ऐसे प्रदूषण के संपर्क में रहने से गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।

रहवासियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कुछ लोगों ने जब अवैध भट्टों का विरोध किया तो संचालकों द्वारा गाली-गलौज और धमकी दी गई। विरोध करने वालों से कहा गया कि जहां शिकायत करनी है कर दो, उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इस तरह की बातों से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

यह भी जानकारी सामने आई है कि कुछ भट्टों में ईंट पकाने के लिए मुर्गी फार्म से निकलने वाले बीट युक्त भूसे का उपयोग किया जा रहा है, जिससे जहरीला धुआं और तेज बदबू फैल रही है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी, एलर्जी और अन्य बीमारियों की शिकायत हो रही है।

नगरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। अब देखना होगा कि खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पालिका और संबंधित विभाग के अधिकारी अवैध ईंट भट्टों पर कार्रवाई करते हैं या नहीं।

वर्जन – खनिज अधिकारी हेलेंद्र कुमार
अवैध ईंट भट्टों के संचालन की जानकारी प्राप्त हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही टीम गठित कर जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button