




सक्षम दिव्यांगों के लिए समर्पित राष्ट्रीय संगठन द्वारा मातृशक्ति सम्मान समारोह का आयोजन
(कोरबा महिला आयाम प्रमुख निर्मला शर्मा, सह प्रमुख रश्मि श्रीवास एवं टीम का हुआ सम्मान)
कोरबा | 11 अप्रैल 2026
सक्षम, दिव्यांगजनों के लिए समर्पित एक राष्ट्रीय संगठन, के महिला आयाम द्वारा प्रांतीय स्तर पर एक भव्य मातृशक्ति सम्मान समारोह का आयोजन रायपुर स्थित कोपलवाणी संस्थान में किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों में सक्रिय सक्षम महिला आयाम की सदस्याओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कौशिल्या साय (धर्मपत्नी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय) एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व अध्यक्ष छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग श्रीमती शताब्दी पांडे उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सक्षम के प्रांत अध्यक्ष सुरेंद्र शुक्ला ने की।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मातृशक्तियों को सम्मानित किया गया। साथ ही 17 जिलों से आए दिव्यांगजनों का विशेष सम्मान किया गया। कोरबा जिले से दो दिव्यांग शिक्षिकाएं—श्रीमती मीनाक्षी रत्नापाखी एवं श्रीमती सुधा शर्मा—को सम्मानित किया गया।
कोरबा सक्षम महिला आयाम से जिला प्रमुख श्रीमती निर्मला शर्मा, सह प्रमुख श्रीमती रश्मि श्रीवास, सदस्य श्रीमती जानकी यादव, श्रीमती पार्वती यादव तथा जिला सह सचिव ज्ञान दास महंत भी कार्यक्रम में शामिल रहे।
कार्यक्रम दिव्यांग आवासीय विद्यालय कोपलवाणी में आयोजित किया गया, जो अपने आप में एक प्रेरणादायक पहल रही। संस्था की संचालिका एवं सक्षम महिला आयाम की प्रांत प्रमुख पदमा शर्मा ने बताया कि यह आयोजन कई मायनों में विशेष रहा। पहली बार प्रदेश स्तर पर ऐसा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें दिव्यांग बच्चों द्वारा बनाई गई सुंदर पेंटिंग्स को स्मृति चिन्ह के रूप में अतिथियों एवं सम्मानित मातृशक्तियों को भेंट किया गया।
इस पहल ने न केवल बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित किया, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी मजबूती प्रदान की। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने इस नवाचार की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में प्रांत सचिव अनुप पांडे, प्रांत कोषाध्यक्ष जैनेन्द्र जैन, सह सचिव अंजली चावड़ा, युवा आयाम प्रमुख शरद चंद्रा, रायपुर दिव्यांग सेवा केंद्र प्रभारी सतीश राजवाड़े सहित प्रदेशभर से आए पदाधिकारी एवं महिला आयाम की कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कोरबा जिला इकाई की ओर से सम्मानित नारी शक्तियों को संरक्षक डॉ. वीणा अग्रवाल, जिला अध्यक्ष श्रीमती ज्योति श्रीवास, उपाध्यक्ष श्रीमती सैलजा सिंह, सचिव लोकनाथ सेन, कोषाध्यक्ष मेश राम पटेल, प्रचार-प्रसार सचिव मनराखन अगरिया, मीडिया प्रभारी राजेंद्र श्रीवास सहित समस्त पदाधिकारियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।




