स्कूल में चोरी करने वाले गिरोह का फरार आरोपी गिरफ्तार, 1 लाख से ज्यादा का सामान बरामद

स्कूल में चोरी करने वाले गिरोह का फरार आरोपी गिरफ्तार, 1 लाख से ज्यादा का सामान बरामद

जांजगीर-चांपा। थाना चांपा पुलिस को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोजपुर चांपा में हुई चोरी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गिरोह के फरार चल रहे चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया है। मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोजपुर चांपा के प्राचार्य नवनीत पटेल निवासी बेलदार पारा चांपा ने 8 अक्टूबर 2025 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दशहरा अवकाश के दौरान 26 सितंबर 2025 को स्कूल बंद कर स्टाफ घर चला गया था। 8 अक्टूबर को स्कूल खुलने पर संकुल केंद्र के कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर एलजी स्मार्ट एलईडी टीवी, क्लेम्प मीटर, डिजिटल मल्टीमीटर, प्लायर, 5 सेट एलईडी लाइट, 2 कूलर मोटर, हैमर, आयरन, पेंट, स्क्रू ड्राइवर और सर्किट बोर्ड सहित अन्य सामान गायब मिला। अज्ञात चोर खिड़की का रॉड तोड़कर अंदर घुसे थे।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 460/25 धारा 331(4), 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पहले आरोपी यश मिरी, अभिषेक मिरी और नितेश कुर्रे निवासी बैगीन बंधान चांपा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में तीनों ने मिलकर चोरी करना स्वीकार किया था। आरोपियों के कब्जे से 2 एलईडी टीवी, कांसा के बर्तन, वाई-फाई, प्रोजेक्टर, बैटरी, टुल्लू पंप सहित कुल 1 लाख 3 हजार 200 रुपये का सामान बरामद किया गया था। तीनों आरोपियों को 5 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था।

मामले में फरार चल रहे आरोपी कुनाल मिरी पिता बुधेश्वर मिरी उम्र 21 वर्ष निवासी भोजपुर बैगिन तालाब चांपा की लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे उसके घर से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से छिपाकर रखा गया सीपीयू, की-बोर्ड और कांसा के बर्तन बरामद किए गए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल दिवाकर, आरक्षक प्रकाश द्विवेदी एवं थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button