सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, नाराज ग्रामीण पहुंचे थाना चांपा




सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, नाराज ग्रामीण पहुंचे थाना चांपा
घटना के बाद घाटोली चौक पर तनाव, पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई चर्चा
चांपा। नगर के समीप घाटोली चौक के पास मंगलवार रात करीब 9 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। सूचना मिलते ही चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीडीएम अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों मृतक कमरीद गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति निर्मित हो गई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की समझाइश के बाद ग्रामीण शांत हुए।
हालांकि बाद में नाराज ग्रामीण थाना चांपा पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें सूचना दिए बिना ही घटनास्थल से शव हटा दिए। इसी बात को लेकर थाना परिसर में ग्रामीणों और पुलिस के बीच चर्चा और बातचीत का दौर जारी रहा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।







