स्वतंत्रता दिवस से पहले बिलासपुर सराफा एसोसिएशन की अनूठी पहल, 14 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा



स्वतंत्रता दिवस से पहले बिलासपुर सराफा एसोसिएशन की अनूठी पहल, 14 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगने के उद्देश्य से बिलासपुर सराफा एसोसिएशन ने अनूठी पहल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ आह्वान से प्रेरित होकर एसोसिएशन ने ‘हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा’ का संकल्प लिया है।
इस अभियान के तहत 14 अगस्त 2026 को दोपहर 1 बजे कलेक्टर कार्यालय से बिलासपुर सराफा एसोसिएशन की तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल (IAS) एवं एसएसपी रजनीश सिंह (IPS) द्वारा किया जाएगा। यात्रा कलेक्टर कार्यालय से प्रारंभ होकर सदर बाजार पहुंचेगी। इसमें सराफा परिवार, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के व्यापारी तथा अन्य नागरिक तिरंगा लेकर शामिल होंगे।
इसके बाद दोपहर 3 बजे गांधी चौक से सांसद बिलासपुर एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकलेगी। सराफा एसोसिएशन एवं चैंबर परिवार इस यात्रा में भी उत्साहपूर्वक शामिल होकर राष्ट्रभक्ति का संदेश देगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री के आह्वान से प्रेरित होकर सराफा परिवार ने हर घर और हर दुकान को तिरंगामय बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने व्यापारियों, नागरिकों एवं चैंबर सदस्यों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
अभियान को सफल बनाने में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन एवं छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों सहित श्रीकांत पाण्डेय, रौनक साव, राजेश शाह, अजय सराफ, महेश दुबे, सूरज सोनी, नवनाथ आवले, छेदीलाल सराफ, महेंद्र शाह, दिलीप खंडेलवाल, अनिल गुप्ता, विजय शाह, पंकज पारिख, राजू पारिख, महेश सोनी, हरीश साहू, सनी सलूजा, रितेश सलूजा, प्रकाश सोनी, सज्जन सोनी, राजेश सोनी, आलोक सोनी, मनोज सोनी एवं केशव सोनी सहित अनेक सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
एसोसिएशन ने शहरवासियों से 14 अगस्त की तिरंगा यात्रा में शामिल होने तथा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बिलासपुर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगने की अपील की है।
वहीं, 15 अगस्त को बिलासपुर सराफा एसोसिएशन द्वारा भव्य ध्वजारोहण समारोह भी आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गगन कुमार (IPS), सीएसपी सिटी कोतवाली तथा विशिष्ट अतिथि देवेश सिंह (TI), थाना सिटी कोतवाली उपस्थित रहेंगे।




