
भोजपुर चौक के पास युवक से मारपीट कर 400 रुपये लूटे, एक आरोपी गिरफ्तार
लोहे का कत्ता दिखाकर दी जान से मारने की धमकी, साइकिल में भी की तोड़फोड़; मुख्य आरोपी विनय उर्फ बाल्मिकी फरार
चांपा। शहर के भोजपुर चौक के पास युवक के साथ मारपीट कर हथियार के बल पर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को रोककर लोहे का कत्ता दिखाया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी जेब से 400 रुपये लूट लिए। मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजेश मांझी निवासी ग्राम दगौरी, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर दीपावली मनाने अपने मामा के घर बेलदार पारा चांपा आया हुआ था। 9 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे वह अपने बड़े मां के लड़के लकेश्वर मांझी के साथ साइकिल से कपड़े खरीदने चांपा गया था। खरीदारी के बाद दोनों वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे भोजपुर चौक के पास विनय उर्फ नेपाली अपने साथी गौरव साहू के साथ मोटरसाइकिल से पहुंचा और उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि विनय ने लकेश्वर की मां को लेकर धमकी भरी बातें कहते हुए विवाद शुरू किया और प्रार्थी के गले में लोहे का कत्ता अड़ा दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर जेब में रखे 400 रुपये छीन लिए। आरोपियों ने युवक की साइकिल के सामने वाले टायर पर हमला कर उसे फाड़ दिया तथा साइकिल की डंडी को भी कत्ता मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोपियों ने मोहल्ले के अन्य लोगों को भी धमकी दी। इसी दौरान 112 वाहन को आता देख दोनों मौके से भाग निकले।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर चांपा थाने में अपराध क्रमांक 608/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी गौरव साहू पिता शिवकुमार साहू (18 वर्ष), निवासी बेलदार पारा चांपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया तथा लूट की रकम में हिस्से में मिली राशि खर्च करना बताया। इसके बाद पुलिस ने 10 नवंबर को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
मामले में दूसरा आरोपी विनय उर्फ बाल्मिकी फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी पतासाजी में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार शेंडे, सउनि बीपी खाण्डेकर, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, आरक्षक मुद्रिका दुबे सहित चांपा थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।




