

चांपा थाना क्षेत्र से सबसे अधिक 33 वारंटी पकड़े गए, बलौदा में 23 और शिवरीनारायण में 21 की हुई गिरफ्तारी
जांजगीर-चांपा। जिले में वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के निर्देश पर चलाए गए ‘ऑपरेशन बाज‘ के तहत पुलिस ने एक माह के भीतर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 141 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय द्वारा जारी वारंटों की तामीली की है।
यह विशेष अभियान 7 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक संचालित किया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को लंबित स्थायी वारंटों की तामीली के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।
तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की मदद से लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की जानकारी जुटाई। इसके बाद अलग-अलग ठिकानों पर सुनियोजित तरीके से दबिश देकर उनकी धरपकड़ की गई।
इस कार्रवाई में थाना चांपा पुलिस ने सर्वाधिक 33 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया। वहीं बलौदा पुलिस ने 23 और शिवरीनारायण पुलिस ने 21 वारंटियों को पकड़कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। इस तरह पूरे जिले में कुल 141 स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी हुई।
एसपी ने वारंट तामीली को दी थी सर्वोच्च प्राथमिकता
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को लंबित स्थायी वारंटों की तामीली को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए फरार वारंटियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से लंबित न्यायालयीन मामलों के निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार वारंटियों की धरपकड़ और लंबित वारंटों की तामीली के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।




