

शांति समिति की बैठक में ही दिखी अव्यवस्था, गिने-चुने लोग पहुंचे
चांपा। नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना चांपा में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न वर्गों के लोगों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन बैठक में अपेक्षित संख्या में लोगों के नहीं पहुंचने से व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठे।
बैठक में मौजूद लोगों ने नवरात्रि के दौरान नगर में बढ़ने वाली भीड़, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की। विशेष रूप से प्रमुख चौक-चौराहों एवं पूजा पंडालों के आसपास भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग रखी गई।
बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि नवरात्रि के दौरान नगर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के साथ ही प्रमुख स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी जरूरी है, ताकि पर्व के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
वहीं, शांति समिति की बैठक में नगर के अपेक्षित लोगों की कम उपस्थिति को लेकर भी चर्चा रही। लोगों का कहना है कि ऐसे महत्वपूर्ण पर्व से पहले आयोजित बैठक में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी होनी चाहिए, जिससे स्थानीय समस्याओं और व्यवस्थाओं को लेकर बेहतर समन्वय बनाया जा सके।




