
सलमान खान के साथ फिल्म ‘वांटेड’ में नजर आ चुकीं अभिनेत्री महक चहल आएंगी चांपा, मायूम रास गरबा 2026 में देंगी शानदार प्रस्तुति
मारवाड़ी युवा मंच की ओर से होगा भव्य आयोजन, गरबा प्रेमियों को मिलेगा सेलिब्रिटी के साथ उत्सव मनाने का मौका
चांपा। नवरात्रि के पावन पर्व पर मां दुर्गा की आराधना, भक्ति और गरबा के रंग में रंगने के लिए चांपा में भव्य आयोजन की तैयारी है। मारवाड़ी युवा मंच चांपा द्वारा हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी मायूम रास गरबा 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस बार आयोजन का आकर्षण बॉलीवुड अभिनेत्री एवं मॉडल महक चहल होंगी, जो सलमान खान अभिनीत फिल्म वांटेड सहित कई फिल्मों और धारावाहिकों में काम कर चुकी हैं।
आयोजन में महक चहल अपनी उपस्थिति से गरबा उत्सव की रौनक बढ़ाएंगी। उनके आगमन को लेकर गरबा प्रेमियों और उनके प्रशंसकों में उत्साह का माहौल रहने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान अभिनेत्री अपनी गरबा प्रस्तुति देंगी और प्रशंसकों से मुलाकात भी करेंगी।
सेवा के साथ मनोरंजन और संस्कृति को बढ़ावा
मारवाड़ी युवा मंच चांपा वर्षों से सामाजिक सेवा और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। इसी कड़ी में मंच द्वारा नवरात्रि के दौरान लोगों को मां दुर्गा की आराधना के साथ मनोरंजन का अवसर देने के उद्देश्य से रास गरबा का आयोजन किया जाता है। हर वर्ष आयोजन को विशेष बनाने के लिए सेलिब्रिटी को आमंत्रित किया जाता है, ताकि प्रतिभागियों और दर्शकों को एक अलग अनुभव मिल सके।
बड़ी हस्तियों के आगमन से बढ़ती है नगर की पहचान
आयोजन समिति के सदस्य प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि मारवाड़ी युवा मंच लंबे समय से डांडिया रास गरबा का आयोजन करता आ रहा है। इस वर्ष भी आयोजन को खास और यादगार बनाने के लिए अभिनेत्री महक चहल को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि समिति प्रतिभागियों, दर्शनार्थियों, आगंतुकों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों के मनोरंजन का विशेष ध्यान रख रही है।
प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से नगर में बड़ी हस्तियों और कलाकारों का आगमन होता है। इससे स्थानीय लोगों को मनोरंजन का अवसर मिलने के साथ ही कलाकारों को भी क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं और विशेषताओं से रूबरू होने का मौका मिलता है। मायूम रास गरबा 2026 को भी इसी उद्देश्य के साथ विशेष रूप से आयोजित किया जा रहा है।




