



27 दिसंबर को चांपा में सजेगा ऐतिहासिक पारंपरिक गौशाला बाजार, यादव नर्तक दल का शौर्य प्रदर्शन रहेगा आकर्षण
भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता की पूजा-अर्चना और महाआरती के साथ होगा मेले का शुभारंभ, तैयारियां शुरू
चांपा। नगर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखने वाला पारंपरिक गौशाला बाजार इस वर्ष 27 दिसंबर 2026, रविवार को श्रीकृष्ण गौशाला चांपा परिसर में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हर वर्ष आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक मेले को लेकर चांपा सहित आसपास के क्षेत्रों में लोगों के बीच खासा उत्साह रहता है।
गौशाला बाजार का मुख्य उद्देश्य गौ अनुसंधान, गौपालन, गौ रक्षा एवं गौ संवर्धन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा गौ महिमा का प्रचार-प्रसार करना है। मेले का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता की विशेष पूजा-अर्चना और भव्य महाआरती के साथ किया जाएगा।
इस पारंपरिक मेले में मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले, खेल-तमाशे, खिलौनों की दुकानें, मनिहारी, बर्तन, होटल, कपड़े सहित अनेक प्रकार की दुकानें सजेंगी। वहीं यादव नर्तक दल का पारंपरिक शौर्य प्रदर्शन मेले का प्रमुख आकर्षण रहेगा, जो अपनी पारंपरिक कला, संस्कृति और शौर्य प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोहेंगे।
वर्षों से आयोजित हो रहा यह गौशाला बाजार केवल मनोरंजन का माध्यम ही नहीं, बल्कि चांपा की ऐतिहासिक विरासत, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक भी है। इस मेले में चांपा नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तथा देश-प्रदेश से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। व्यापारियों के लिए भी यह मेला विशेष महत्व रखता है, जहां उन्हें व्यापार और व्यवसाय को बढ़ावा देने का अवसर मिलता है।
आयोजन को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए शासन-प्रशासन, व्यापारियों एवं नगरवासियों से सहयोग की अपील की गई है। 27 दिसंबर को चांपा का गौशाला बाजार एक बार फिर परंपरा, संस्कृति, आस्था और मनोरंजन के रंगों से गुलजार होगा।



