

करही गोलीकांड में जांजगीर-चांपा पुलिस का बड़ा खुलासा, मास्टरमाइंड पिस्टल समेत गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। बहुचर्चित करही गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। “ऑपरेशन हंट” के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले के मुख्य साजिशकर्ता और मास्टरमाइंड गनपत बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और मैगजीन भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
https://youtu.be/5JmQKa6Xnos?si=vXDLL_zDaxU43CMr
Link ke madhyam se aapke apne chanel par dekhe khabar
पुलिस के अनुसार, 23-24 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात ग्राम करही में तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर आयुष कश्यप की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जबकि उसके छोटे भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। साथ ही TECHINT और HUMINT के जरिए जुटाई गई सूचनाओं ने मामले के खुलासे में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे उधारी विवाद, अवैध रेत कारोबार में प्रतिस्पर्धा और मृतक आयुष कश्यप की बढ़ती आर्थिक स्थिति मुख्य वजह थी। आरोपियों को आयुष की बढ़ती पकड़ और व्यवसायिक प्रभाव से जलन थी, जिसके चलते सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची गई।
गिरफ्तार मुख्य आरोपी गनपत बघेल ने पूछताछ में बताया कि उसने हाईवा और जेसीबी मशीन लोन पर खरीदी थी तथा अवैध रेत परिवहन का काम करता था। मृतक आयुष कश्यप कम कीमत में रेत बेचकर उसके ग्राहकों को अपनी ओर कर रहा था, जिससे उसे आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसी रंजिश में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक घटना वाली रात आरोपियों ने पहले घर के आसपास रेकी की। इसके बाद सीसीटीवी कैमरा तोड़कर घर में घुसे और मृतक के पिता के कमरे को बाहर से बंद कर दिया। फिर आयुष कश्यप पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके छोटे भाई को भी गोली मार दी गई।
मामले में पूर्व में आरोपी हेमंत बघेल, भूषण बघेल और अमित टंडन को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। अब मुख्य साजिशकर्ता गनपत बघेल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में विवेचना जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




