मोहर्रम पर्व को शांति एवं सौहार्द्र के साथ मनाने थाना चांपा में हुई शांति समिति की बैठक




मोहर्रम पर्व को शांति एवं सौहार्द्र के साथ मनाने थाना चांपा में हुई शांति समिति की बैठक
चांपा। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को थाना चांपा परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस विभाग, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के प्रमुख लोगों ने भाग लिया तथा पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपसी भाईचारे के साथ आयोजन करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मोहर्रम इस्लामी कैलेंडर का पहला महीना है, जिसे अत्यंत पवित्र माना जाता है। यह पर्व पैगंबर हजरत मुहम्मद के नवासे इमाम हुसैन एवं उनके साथियों की कर्बला में हुई शहादत की स्मृति में शोक, त्याग और बलिदान के रूप में मनाया जाता है।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि चांपा नगर में मोहर्रम के अवसर पर तीन स्थानों से ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे। जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए थाना चौक के समीप स्थित लच्छीबंध तालाब पहुंचेगा, जहां ताजियों का विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) योगिता बाली खापर्डे, थाना प्रभारी अशोक वैष्णव, नायब तहसीलदार रश्मि जायसवाल सहित नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, सलीम मेमन, विजय सलूजा, पार्षद टीकम कंसारी, पवन साहू, खैरातू खान, पूर्व पालिका अध्यक्ष जय थवाईत, गिरधारी यादव, फैज अहमद,तथा नगर के गणमान्य नागरिक और पत्रकार उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने सभी नागरिकों से मोहर्रम पर्व को आपसी सद्भाव, भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की।







