सांसद प्रतिनिधि की धौंस दिखाकर वसूली का आरोप, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

सांसद प्रतिनिधि की धौंस दिखाकर वसूली का आरोप, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

जांजगीर-चांपा। जिले में एक कथित वसूली प्रकरण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला है। जानकारी के अनुसार, स्वयं को सांसद प्रतिनिधि बताने वाले संतोष कुमार सोनवानी पर ग्रामीणों ने लोगों से निर्धारित राशि से अधिक पैसे वसूलने का आरोप लगाया है।

बताया जा रहा है कि बलौदा विकासखंड के ग्राम कोसमंदा में कुछ लोग पहुंचे थे, जो सांसद का करीबी और प्रतिनिधि होने का दावा कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, उनके साथ मौजूद व्यक्ति लोगों को एक पर्ची और रसीद दे रहे थे, लेकिन रसीद में अंकित राशि से अधिक रकम वसूली जा रही थी। इस पर ग्रामीणों को संदेह हुआ और उन्होंने संबंधित व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मामले में शामिल लोगों द्वारा भोली-भाली जनता से पैसे लेने का प्रयास किया जा रहा था। इसके बाद गांव वालों ने एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस को सूचना दी और उसे थाना चांपा भेज दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर कथित मुख्य आरोपी भी थाना पहुंचा और अपने आप को सही साबित करने का प्रयास करता नजर आया। वहीं मौके पर मौजूद पत्रकारों के साथ भी कथित रूप से अभद्र व्यवहार किए जाने की बात सामने आई है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में यह चर्चा तेज हो गई है कि यदि कोई व्यक्ति जनप्रतिनिधि या उनके प्रतिनिधि होने का दावा करता है तो उसकी गतिविधियों की जांच होना आवश्यक है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button