एसपी बने ग्राहक, ढाबों में मंगाई बियर और खुल गई अवैध कारोबार की पोल

एसपी बने ग्राहक, ढाबों में मंगाई बियर और खुल गई अवैध कारोबार की पोल

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब बिक्री और परोसने की शिकायतों के बीच पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने एक अनोखे अंदाज में कार्रवाई कर कई होटल और ढाबा संचालकों की पोल खोल दी। एसपी स्वयं ग्राहक बनकर हाईवे किनारे संचालित होटलों और ढाबों में पहुंचे और वहां की गतिविधियों का जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ने अपनी टीम को कुछ दूरी पर तैनात कर सामान्य ग्राहक की तरह होटल और ढाबों में प्रवेश किया। उन्होंने ठंडी बियर की मांग की और जैसे ही शराब परोसी गई, मौके पर नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने लगी। जांच के दौरान कुछ स्थानों पर खुलेआम शराब परोसने और अवैध गतिविधियां संचालित होने की बात सामने आई।

इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित संचालकों को सख्त चेतावनी दी और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। एसपी की इस कार्रवाई से जिलेभर के होटल और ढाबा संचालकों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध शराब कारोबार पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button