



कोसमंदा में युवक से मारपीट, जान से मारने की धमकी; 5 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसमंदा में एक युवक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर चांपा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 28 मई 2026 की रात करीब 11 बजे ग्राम कोसमंदा पेट्रोल पंप के पास हुई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर कुछ लोगों ने उसकी मोटरसाइकिल रोककर गाली-गलौज की तथा बेल्ट, मुक्के और हाथ से मारपीट की।
आरोप है कि ग्राम कोसमंदा निवासी राजू, फूलचंद कश्यप, शिव कश्यप, भूरु सूर्यवंशी समेत अन्य लोगों ने उसे मोटरसाइकिल से उतारकर पुरानी जमीन संबंधी विवाद को लेकर गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की तथा बेल्ट और मुक्कों से हमला किया। घटना में पीड़ित को सिर, पीठ और चेहरे पर चोटें आईं।
पीड़ित की रिपोर्ट पर चांपा थाना में एफआईआर क्रमांक 0270/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की निम्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है—
धारा 126(2) ,धारा 296 ,धारा 351(3) ,धारा 115(2) ,धारा 3(5)
बताया जा रहा है कि घटना के बाद पीड़ित ने अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद वह थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश एवं आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




