चांपा क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत


चांपा क्षेत्र के ग्राम उच्चभिट्ठी में पारिवारिक विवाद के बाद 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, लगभग 70 वर्षीय बुजुर्ग लोचन प्रसाद यादव की मौत
उच्चभिट्ठी गांव में मारपीट के बाद मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
चांपा। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उच्चभिट्ठी में पारिवारिक विवाद के दौरान मारपीट में 70 वर्षीय व्यक्ति की मौत होने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक ही परिवार के लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसी दौरान 70 वर्षीय व्यक्ति लोचन प्रसाद यादव की मौत होने एवं उनके पुत्र रमेश के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद गांव में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने दूसरे पक्ष के कुछ लोगों को पूछताछ के लिए अपने कब्जे में लिया है।
फिलहाल बुजुर्ग की मौत किन परिस्थितियों में हुई, मारपीट में किसकी क्या भूमिका रही और मौत का वास्तविक कारण क्या है, इसका खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




