थाना चौक के पास तलवार लेकर घूम रहा था युवक, चांपा पुलिस ने दबोचा

थाना चौक के पास तलवार लेकर घूम रहा था युवक, चांपा पुलिस ने दबोचा

रानी रोड में धारदार हथियार के साथ पकड़ा गया 46 वर्षीय आरोपी, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर भेजा गया जेल

चांपा। चांपा शहर के थाना चौक के पास तलवारनुमा धारदार हथियार लेकर घूमने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने का आरोप है। पुलिस ने उसके कब्जे से लोहे का धारदार हथियार जब्त कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि रानी रोड स्थित थाना चौक के पास एक व्यक्ति तलवारनुमा हथियार लेकर घूम रहा है और आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर चांपा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गवाहों की उपस्थिति में संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में उसकी पहचान कमलेश कुमार देवांगन (46 वर्ष), निवासी रानी रोड, चांपा के रूप में हुई। पुलिस ने हथियार रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने धारदार हथियार जब्त कर उसके विरुद्ध अपराध दर्ज किया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार शेंडे, उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान एवं थाना चांपा के स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button