



रोमांच और मनोरंजन से भरपूर होगा चांपा का डीबी सीपीएल सीजन-6, 4 दिसंबर से क्रिकेट का महासंग्राम
9 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी, विजेता को मिलेंगे 1.21 लाख रुपये और ट्रॉफी; यूट्यूब पर होगा मैचों का लाइव प्रसारण
चांपा। क्रिकेट प्रेमियों के लिए चांपा में एक बार फिर चौकों-छक्कों की बरसात और रोमांचक मुकाबलों का मंच सजने जा रहा है। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाले डीबी सीपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-6 का भव्य शुभारंभ आगामी 4 दिसंबर से भलेराय मैदान, चांपा में होगा। टूर्नामेंट को लेकर आयोजकों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं टीमों के ऑक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां प्रतियोगिता की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी साझा की गई।
आयोजकों के अनुसार, इस बार टूर्नामेंट में पिछले सीजन की तुलना में एक टीम बढ़ाई गई है। पिछले वर्ष जहां आठ टीमों ने हिस्सा लिया था, वहीं सीजन-6 में कुल नौ टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 27 दिसंबर को खेला जाएगा। विजेता टीम को 1 लाख 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के साथ आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
नौ टीमों के बीच होगा कड़ा मुकाबला
डीबी सीपीएल सीजन-6 में अशोक राइडर्स XI, आरएस चैलेंजर्स XI, शौर्य सुपर किंग्स XI, मां प्लाई सेंटर XI, एनवाई रॉयल्स XI, अबराज गोल्ड XI, एसबी लेजेंडर्स XI, श्रीसिद्धिविनायक वॉरियर्स XI और पीयूष टाइटन XI सहित कुल नौ टीमें हिस्सा लेंगी। टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
12-12 ओवर के होंगे मुकाबले, यूट्यूब पर देख सकेंगे लाइव
टूर्नामेंट के सभी मुकाबले टेनिस बॉल से खेले जाएंगे। प्रत्येक मैच 12-12 ओवर का होगा और प्रतिदिन दो मैच आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के नियमों को लागू किया जाएगा। खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक मुकाबले में मैन ऑफ द मैच सहित विभिन्न आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे। क्रिकेट प्रेमी सभी मुकाबलों का आनंद यूट्यूब पर लाइव प्रसारण के माध्यम से घर बैठे भी ले सकेंगे।
स्थानीय खिलाड़ियों को बड़ा मंच देने की पहल
आयोजकों ने कहा कि डीबी सीपीएल का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के लिए बड़ा मंच उपलब्ध कराना और जिले में क्रिकेट को नई पहचान दिलाना है। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल मिलेगा, वहीं खेल प्रेमियों को भी रोमांचक मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं ऑक्शन कार्यक्रम के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, डीबी वेंचर्स के डायरेक्टर धीरेन्द्र बाजपेयी,महेंद्र तिवारी, धर्मेन्द्र तिवारी, सुदेश अहीर, विजय थवाईत, अशोक देवांगन, नकीब खान, राजू नयन शुक्ला और सुरेश देवांगन सहित बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे।
4 दिसंबर से शुरू होकर 27 दिसंबर तक चलने वाला डीबी सीपीएल सीजन-6 चांपा के खेल प्रेमियों के लिए मनोरंजन और रोमांच का बड़ा आकर्षण बनने जा रहा है। अब सभी की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि नौ टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों में कौन-सी टीम शानदार प्रदर्शन कर सीजन-6 की चैंपियन बनती है।




