




चांपा में कथित धर्मांतरण गतिविधियों को लेकर बजरंग दल ने कलेक्टर से की शिकायत
चर्च और निजी आवासों में हो रही गतिविधियों की जांच की मांग
चांपा। चांपा नगर में कथित धर्मांतरण गतिविधियों को लेकर बजरंग दल ने प्रशासन से शिकायत करते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है। बजरंग दल चांपा नगर के संयोजक संजीव विश्वकर्मा द्वारा 16 जनवरी 2026 को कलेक्टर जांजगीर-चांपा को ज्ञापन सौंपा गया है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि चांपा नगर के वार्ड क्रमांक 14 सहित कुछ क्षेत्रों में निजी आवासों में बड़ी संख्या में लोगों को एकत्र कर कथित रूप से धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। संगठन का दावा है कि इससे पहले भी इस विषय को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया था, जिस पर पुलिस द्वारा समझाइश दी गई थी।
इसके अलावा, ज्ञापन में भोजपुर चौक स्थित एक चर्च को लेकर भी शिकायत की गई है। संगठन का आरोप है कि चर्च के माध्यम से बाहरी क्षेत्र से जुड़े लोगों द्वारा मिशनरी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा आर्थिक सहायता के जरिए धर्मांतरण को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
बजरंग दल ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थाओं पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त मुहर के अनुसार ज्ञापन प्राप्त कर लिया गया है। वहीं, मामले की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा को भी दी गई है। अब देखना यह है कि प्रशासन की ओर से कब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आएगी।
यह पूरी जानकारी बजरंग दल के चांपा नगर प्रमुख संजीव विश्वकर्मा ने दी है और उन्होंने बताया कि उनके साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर अधिकारियों के मुलाकात कार्यवाही के लिए चर्चा की गई है।साथ ही आगे अगर ठोस कार्यवाही नहीं किए जाने पर उग्र आंदोलन किए जाने की बात कही है।




