
शक्कर के बढ़ते दामों पर कांग्रेस का हमला, नागेंद्र गुप्ता बोले- केंद्र की गलत नीतियों से बेलगाम हुई महंगाई
जांजगीर-चांपा। शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं प्रवक्ता नागेंद्र गुप्ता ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है और इसका सीधा असर आम नागरिकों की रसोई के बजट पर पड़ रहा है।
नागेंद्र गुप्ता ने कहा कि दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इसका लाभ कुछ उद्योगपतियों और पूंजीपतियों को मिल रहा है, जबकि किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी महंगाई की मार झेलने को मजबूर है।
उन्होंने शक्कर की कीमतों का हवाला देते हुए कहा कि जो शक्कर पहले करीब 40 रुपये प्रति किलो मिलती थी, उसके दाम बढ़कर लगभग 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। त्योहारी सीजन और रक्षाबंधन के बीच शक्कर के दाम बढ़ने से मिठाइयों की कीमतों पर भी इसका असर पड़ा है। ऐसे में बहनों को भाइयों का मुंह मीठा कराने से पहले बढ़ती महंगाई से जूझना पड़ रहा है।
गुप्ता ने कहा कि गन्ने का उपयोग शक्कर उत्पादन के साथ-साथ इथेनॉल निर्माण में भी किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इथेनॉल मिश्रित ई-20 पेट्रोल के कारण वाहनों के माइलेज और इंजन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है तथा शक्कर उत्पादन प्रभावित होने से त्योहारी सीजन में कीमतों में तेजी आई है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पेट्रोल, गैस, चीनी और प्याज सहित रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम नागरिकों का जीवन मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने के बजाय बेबस नजर आ रही है। महंगाई को नियंत्रित करने के लिए ठोस नीति नहीं बन पाना केंद्र सरकार की विफलता है।




