धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों का निकाला जुलूस


धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों का निकाला जुलूस

बदमाशों ने कहा—“पुलिस हमारी बाप है, अपराध करना पाप है”

जांजगीर-चांपा। नेला क्षेत्र में धारदार हथियार लहराकर लोगों के बीच दहशत फैलाने वाले दो युवकों पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक-एक धारदार हथियार बरामद किया। इसके बाद दोनों आरोपियों का जुलूस निकालते हुए उन्हें थाना लाया गया और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार नेला क्षेत्र की पुलिस टीम पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जून तालाब एवं भाटापारा क्षेत्र में दो युवक हाथों में धारदार हथियार लेकर लोगों के बीच दहशत फैलाते हुए घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुकेश सूर्यवंशी एवं किशन सूर्यवंशी के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से एक-एक धारदार हथियार बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों का जुलूस निकालकर थाना लाया। इस दौरान आरोपी यह कहते हुए नजर आए—“पुलिस हमारी बाप है, अपराध करना पाप है।”

पुलिस की तत्परता से दोनों आरोपियों को समय रहते पकड़ लिया गया, जिससे क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना की आशंका को टाला जा सका। दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

उक्त कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी जय प्रकाश गुप्ता एवं उनकी पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button