लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ अभियान को लेकर भाजपा का शंखनाद, 4 नवंबर को जांजगीर में निकलेगी पदयात्रा

लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ अभियान को लेकर भाजपा का शंखनाद, 4 नवंबर को जांजगीर में निकलेगी पदयात्रा

नारायण चंदेल ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जनजागरण पर दिया जोर, राजेंद्र वैष्णव ने कार्यकर्ताओं से विधानसभा में कमल खिलाने का किया आह्वान

जांजगीर-चांपा। भारतीय जनता पार्टी जिला जांजगीर-चांपा द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान को लेकर मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा तैयार करते हुए आगामी 4 नवंबर को जिला मुख्यालय जांजगीर में पदयात्रा निकालने तथा बुद्धिजीवी वर्ग से संवाद कर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनजागरण करने का निर्णय लिया गया।

विरोध के नाम पर अराजकता लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत : नारायण चंदेल

कार्यशाला को संबोधित करते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर अराजकता फैलाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान को बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के माध्यम से जन-जन तक संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।

4 नवंबर को पदयात्रा निकालकर करेंगे जनजागरण

भाजपा जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी द्वारा लोकतंत्र की रक्षा और भीड़तंत्र के विरोध में व्यापक जनजागरण किया जाएगा। इसके तहत बुद्धिजीवी वर्ग से संवाद स्थापित करने के साथ 4 नवंबर को जिला मुख्यालय जांजगीर में पदयात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

विधानसभा में कमल खिलाने के लिए जुट जाएं कार्यकर्ता : राजेंद्र वैष्णव

जिला संगठन प्रभारी राजेंद्र वैष्णव ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और परिश्रम के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा, “इस बार हमें विधानसभा में कमल खिलाना है। सभी कार्यकर्ता पूरी लगन और समर्पण के साथ जुट जाएं।”

संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर जोर

कार्यशाला में रामदेव कुमावत सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा पार्टी के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। इस अवसर पर भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button