
नकली गोल्ड फ्लेक सिगरेट का बड़ा भंडाफोड़, ITC टीम ने ग्राहक बनकर पकड़ा 5 लाख का माल
बिलासपुर। शहर में नकली सिगरेट के बड़े कारोबार का खुलासा हुआ है। ITC Limited की दिल्ली टीम ने ग्राहक बनकर कार्रवाई करते हुए करीब 5 लाख रुपए की नकली गोल्ड फ्लेक सिगरेट जब्त की है। यह कार्रवाई व्यापार विहार इलाके में की गई, जहां से चार कार्टन सिगरेट बरामद की गई।
जानकारी के मुताबिक, टीम को पहले से इनपुट मिला था कि शहर में नकली सिगरेट की सप्लाई हो रही है। इसके बाद टीम बुधवार को बिलासपुर पहुंची और पहले अलग-अलग पान ठेलों से सैंपल जुटाए। जांच के बाद टीम ग्राहक बनकर महाराणा प्रताप चौक स्थित नगर निगम कॉलोनी के पास एक थोक सप्लायर के ठिकाने पर पहुंची।
यहां रोशन चंदानी की फर्म से सिगरेट खरीदी गई और उसकी तुलना ओरिजनल पैकेट व स्टिक से की गई। जांच में सिगरेट नकली पाई गई, जिसके बाद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरा माल जब्त कर लिया। इसके बाद टीम जब्त सिगरेट के साथ थाने पहुंची, जहां देर रात तक कार्रवाई चलती रही।
रोजाना लाखों का कारोबार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह नकली सिगरेट का नेटवर्क रोजाना करीब 2 लाख रुपए से अधिक का कारोबार कर रहा था और शहर के छोटे-बड़े दुकानदारों को थोक में सप्लाई की जा रही थी।
ऐसे करें पहचान
विशेषज्ञों के अनुसार असली और नकली सिगरेट की पहचान पैकेट की प्रिंटिंग, होलोग्राम, कोड, स्टिक की बनावट और स्वाद से की जा सकती है।
मामले में आगे की कार्रवाई जारी है, हालांकि संबंधित थाना प्रभारी से संपर्क करने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।




