हल्की बारिश में ही सड़कों पर जलभराव, आवागमन में लोगों को हो रही भारी परेशानी

हल्की बारिश में ही सड़कों पर जलभराव, आवागमन में लोगों को हो रही भारी परेशानी

जांजगीर-चांपा। जिले में मानसून की हल्की बारिश ने ही सड़क व्यवस्था की पोल खोल दी है। बारिश शुरू होते ही कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब जाने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।

जिले के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश के बाद ही सड़कें पानी से लबालब नजर आने लगीं। सबसे अधिक समस्या जांजगीर-चांपा को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर लक्षनपुर के पास देखने को मिली, जहां सड़क पर जलभराव के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को काफी मशक्कत कर आवाजाही करनी पड़ रही है। सड़क पर भरे पानी के कारण गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान इसी तरह की स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पाने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द जल निकासी और सड़क मरम्मत की मांग की है।

इधर, जनपद पंचायत बलौदा के उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपूत ने कहा कि इस समस्या को प्रशासन के संज्ञान में लाया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य एवं आवागमन को सुचारु बनाने के लिए संबंधित विभाग से आवश्यक पहल कराई जाएगी।

बारिश का दौर अभी शुरुआती चरण में है। ऐसे में यदि समय रहते जल निकासी और सड़क सुधार के प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए, तो आने वाले दिनों में आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button