कही आप भी तो नहीं हुए इस एजेंट के शिकार?

WhatsApp Image 2025 09 22 at 11.59.38 1 Console Corptech
10.jpg Console Corptech

कही आप भी तो नहीं हुए इस एजेंट के शिकार?

पोस्ट ऑफिस के नाम पर फिर भरोसे की लूट, अब कृष्ण कांत गुप्ता पर करोड़ों की ठगी के आरोप

Champa। चांपा नगर में पोस्ट ऑफिस के नाम पर लोगों के साथ धोखाधड़ी का दूसरा बड़ा मामला सामने आने के बाद अब नगर में एक ही सवाल गूंज रहा है — “कही आप भी तो नहीं हुए इस एजेंट के शिकार?”

लगातार सामने आ रहे ठगी के मामलों ने लोगों का भरोसा तोड़कर रख दिया है। कभी रकम दुगनी करने का लालच देकर ठगी, तो कभी पोस्ट ऑफिस में पैसा जमा कराने के नाम पर लोगों की गाढ़ी कमाई गायब। अब एक बार फिर पोस्ट ऑफिस एजेंट बनकर लोगों से रकम वसूलने का मामला गर्मा गया है।

कुछ समय पहले ही भोजपुर निवासी Deepak Devangan को पोस्ट ऑफिस में रकम जमा करने के नाम पर वसूली और धोखाधड़ी के आरोप में जेल भेजा गया था, जो अब तक जेल से बाहर नहीं आ पाया है। वहीं अब नगर के इमली घाट निवासी Krishna Kant Gupta उर्फ कांतु पर करोड़ों रुपए की ठगी के गंभीर आरोप लग रहे हैं।

नगर में चर्चा तो यहां तक है कि इस बार की ठगी में कांतु ने पिछले मामले के आरोपी दीपक को भी पीछे छोड़ दिया है।

आखिर एजेंट करते क्या हैं?

पोस्ट ऑफिस द्वारा संचालित विभिन्न बचत योजनाओं के लिए एजेंट नियुक्त किए जाते हैं। महिला सशक्तिकरण और रोजगार के उद्देश्य से एजेंट बनाने की प्रक्रिया संचालित होती है। इसके बाद कई एजेंट या उनके परिवार के सदस्य घर-घर जाकर लोगों से छोटी-छोटी बचत राशि जमा करवाते हैं और पोस्ट ऑफिस में जमा करने का काम करते हैं। बदले में उन्हें कमीशन मिलता है।

इसी व्यवस्था के भरोसे वर्षों से कई एजेंट ईमानदारी से काम भी कर रहे हैं। लेकिन अब इसी सिस्टम का फायदा उठाकर कुछ लोग जनता का भरोसा जीतते हैं और फिर शुरू हो जाता है ठगी का नया खेल।

महिला हितग्राहियों का आरोप है कि Krishna Kant Gupta ने खुद को पोस्ट ऑफिस एजेंट बताकर लोगों से रकम वसूली और करोड़ों रुपए की ठगी कर डाली। कई लोगों का कहना है कि उन्हें वर्षों तक भरोसे में रखा गया और जब पोस्ट ऑफिस में जानकारी ली गई तो वहां रकम जमा ही नहीं मिली।

गरीबों की जमा पूंजी पर डाका?

सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि जिन लोगों की रकम फंसी है उनमें बड़ी संख्या गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की बताई जा रही है। किसी ने मजदूरी से बचत की, किसी ने बेटी की शादी के लिए रकम जोड़ी, तो किसी ने बच्चों की पढ़ाई के लिए पैसा जमा किया था।

अब वही लोग अपने ही पैसों के लिए दर-दर भटक रहे हैं।

धरने तक पहुंचा मामला, पुलिस पहुंची मौके पर

बुधवार को बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष हितग्राही आरोपी के घर पहुंचे और पैसा वापस करने की मांग करने लगे। विवाद बढ़ने के बाद लोगों ने घर के सामने टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने का प्रयास किया।

हालांकि अब तक इस मामले में थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रदर्शन और बढ़ते दबाव को देखते हुए मामला जल्द पुलिस तक पहुंच सकता है।

अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और क्या लोगों की मेहनत की कमाई उन्हें वापस मिल पाएगी या नहीं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button