केशरवानी महिला सभा चांपा ने गंगा दशहरा पर किए विविध धार्मिक आयोजन, जल संरक्षण का दिलाया संकल्प

केशरवानी महिला सभा चांपा ने गंगा दशहरा पर किए विविध धार्मिक आयोजन, जल संरक्षण का दिलाया संकल्प

चांपा। पुरुषोत्तम माह (अधिक मास) की शुक्ल पक्ष दशमी तिथि पर मनाए जाने वाले पावन पर्व गंगा दशहरा के अवसर पर केशरवानी वैश्य महिला सभा, चांपा द्वारा पाठक घाट हनुमान मंदिर, कदम चौक चांपा में भक्ति एवं श्रद्धा से परिपूर्ण विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन एवं मां गंगा की आराधना के साथ श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुंदरकांड पाठ एवं भजन-कीर्तन से हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इसके पश्चात “नमामि देवी गंगे” और “हर-हर गंगे” के जयघोष के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर मां गंगा की विधिवत आरती की गई तथा गंगा दशहरा उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस आयोजन में समाज की महिलाओं एवं बच्चों ने परिवार सहित बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस अवसर पर केशरवानी महिला सभा चांपा की महामंत्री, प्रदेश महिला सभा की शिक्षामंत्री एवं लेक्चरर श्रीमती रेखा गुप्ता ने वैश्विक जल संकट की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए मां गंगा को साक्षी मानकर उपस्थित सामाजिक जनों, महिला सभा की पदाधिकारियों, सदस्यों एवं बच्चों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने जल के महत्व को समझाते हुए प्रत्येक बूंद की बचत करने और जल संपन्न भविष्य के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।

केशरवानी वैश्य कल्याण समिति चांपा के अध्यक्ष मूलचंद गुप्ता ने महिला सभा के इस आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुरुषोत्तम मास में इस तरह का धार्मिक आयोजन बड़ा ही फलदायी होता है। खासकर गंगा दशमी के अवसर पर मां गंगा की पूजा-अर्चना, सुंदरकांड, भजन-कीर्तन और जल संरक्षण का संकल्प समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है।

केशरवानी महिला सभा चांपा की अध्यक्ष अल्का केशरवानी ने समाज की महिलाओं एवं उपस्थित जनों का स्वागत करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता समाज को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती है। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया तथा उपस्थितजनों ने धार्मिक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े इस आयोजन की सराहना की।

इस अवसर पर केशरवानी वैश्य कल्याण समिति के अध्यक्ष मूलचंद गुप्ता, महामंत्री गौरव गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष अरुण गुप्ता, छत्तीसगढ़ केशरवानी सभा के कार्यकारिणी सदस्य लक्ष्मीकांत गुप्ता, महेश गुप्ता, राज गुप्ता, केशरवानी महिला सभा चांपा की संरक्षक मधुरानी गुप्ता, अध्यक्ष अल्का केशरवानी, महामंत्री रेखा गुप्ता, कोषाध्यक्ष रिंकी गुप्ता सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, माताएं, बहनें एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

WhatsApp Image 2025 09 22 at 11.59.38 1 Console Corptech
10.jpg Console Corptech

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button