नौतपा के पहले दिन ही झुलसा शहर, 45 डिग्री तापमान से लोग बेहाल

नौतपा के पहले दिन ही झुलसा शहर, 45 डिग्री तापमान से लोग बेहाल

चांपा। नौतपा की शुरुआत होते ही भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। नौतपा के पहले दिन ही नगर का तापमान करीब 45 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है तथा लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

वहीं नगर पालिका चांपा की ओर से इस भीषण गर्मी में आम नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए अब तक कोई विशेष व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है। हर वर्ष गर्मी के दौरान नगर के प्रमुख चौक-चौराहों में राहगीरों के लिए पानी प्याऊ की व्यवस्था की जाती थी, लेकिन इस बार अब तक ऐसी कोई पहल नजर नहीं आई है। इसे लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।

नगरवासियों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी के बीच नगर पालिका को पेयजल और राहत व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए था, ताकि राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके। अब सवाल उठ रहा है कि क्या यह नगर पालिका अधिकारियों की लापरवाही है या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह है।

मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है। प्रशासन ने कहा है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक लू लगने की संभावना सबसे अधिक रहती है, इसलिए लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। साथ ही अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचाव करने की सलाह भी दी गई है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button