

चांपा में इस बार दिखेगा टेराकोटा का अद्भुत संसार
सिवनी चौक में सजेगा भव्य पंडाल, शतचंडी महायज्ञ से होगा नवरात्रि का शुभारंभ; आकर्षक स्वरूप में विराजेंगी महारानी मां दुर्गा
चांपा। कोसा, कांसा और कंचन की नगरी चांपा में इस बार नवरात्रि पर्व की भव्यता देखते ही बनेगी। मां दुर्गा के स्वागत के लिए शहर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। कोरबा रोड स्थित सिवनी चौक में इस वर्ष भव्य आयोजन किया जा रहा है, जहां शतचंडी महायज्ञ के साथ नवरात्रि पर्व का शुभारंभ होगा। वहीं, चांपा की महारानी मां दुर्गा अपने आकर्षक और मनमोहक स्वरूप में भक्तों को दर्शन देंगी।
टेराकोटा थीम बनेगी मुख्य आकर्षण
इस वर्ष आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण टेराकोटा थीम पर तैयार किया जा रहा भव्य पंडाल होगा। आयोजकों के अनुसार छत्तीसगढ़ में पहली बार इस तरह की थीम को लेकर पंडाल तैयार किया जा रहा है। पंडाल निर्माण में पश्चिम बंगाल के माकोड़ा क्षेत्र की टेराकोटा हस्तशिल्प कला से प्रेरणा ली जा रही है।
पंडाल को पारंपरिक और प्राकृतिक स्वरूप देने के लिए बांस एवं अन्य प्राकृतिक संसाधनों से निर्मित टोकरी, चूड़ी सहित विभिन्न हस्तशिल्प सामग्रियों का उपयोग किया जा रहा है। कलाकार इन सामग्रियों को बेहद खूबसूरत तरीके से सजाकर पंडाल को आकर्षक और कलात्मक स्वरूप देने में जुटे हुए हैं। पंडाल में भारतीय लोककला और पारंपरिक हस्तशिल्प की झलक श्रद्धालुओं को देखने को मिलेगी।
भटगांव के प्रसिद्ध मूर्तिकार तैयार कर रहे महारानी की प्रतिमा
इधर, भटगांव के प्रसिद्ध मूर्तिकार द्वारा चांपा की महारानी मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रतिमा में मां दुर्गा के दिव्य स्वरूप के साथ आकर्षक कलात्मकता देखने को मिलेगी। पंडाल और प्रतिमा के निर्माण में जहां पारंपरिक कला को प्राथमिकता दी जा रही है, वहीं आधुनिक साज-सज्जा का भी समावेश किया जा रहा है।
नवरात्रि में उमड़ेगा आस्था का सैलाब
नवरात्रि के नौ दिनों तक सिवनी चौक श्रद्धा और भक्ति का प्रमुख केंद्र बनने की तैयारी में है। धार्मिक आयोजनों, भव्य साज-सज्जा और महारानी मां दुर्गा के मनमोहक दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन की तैयारियां शुरू होते ही चांपा शहर में नवरात्रि पर्व को लेकर उत्साह और भक्ति का माहौल बनने लगा है।



