

चांपा थाना परिसर में मनाई गई लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती
प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाई गई विशेष प्रस्तुति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का दिया गया संदेश
चांपा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर चांपा थाना परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में प्रोजेक्टर के माध्यम से उनके जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व और देश की एकता एवं अखंडता के लिए दिए गए ऐतिहासिक योगदान पर आधारित विशेष प्रस्तुति दिखाई गई।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी कमलेश शेंडे, थाना चांपा के अधिकारी-कर्मचारी, महिला कमांडो एवं पुलिस मित्र उपस्थित रहे। प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाई गई प्रस्तुति में सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान, उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और देश की रियासतों के एकीकरण में निभाई गई ऐतिहासिक भूमिका को प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित पुलिसकर्मियों, महिला कमांडो एवं पुलिस मित्रों ने सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने और देश की एकता एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प दोहराया गया।




