


चल रही बारिश के बीच किसानों को सतर्क रहने की सलाह, धान की कटाई टालें: रवि पाण्डेय
कटी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखकर तिरपाल से ढकने की अपील, बारिश से नुकसान बचाने के लिए दिए जरूरी सुझाव
जांजगीर-चांपा। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच किसानों की फसलों को नुकसान से बचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजी. रवि पाण्डेय ने किसानों से सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बारिश के इस दौर में किसान धान की कटाई फिलहाल टालें और खेतों में पहले से कटी पड़ी फसल को भीगने से बचाने के लिए तत्काल आवश्यक इंतजाम करें।
इंजी. रवि पाण्डेय ने कहा कि जिन किसानों ने धान की कटाई कर ली है, वे फसल को खेतों में खुला न छोड़ें। संभव हो तो उसे सुरक्षित एवं सूखे स्थान पर रखकर तिरपाल से अच्छी तरह ढक दें, ताकि बारिश के पानी से फसल को बचाया जा सके। लगातार नमी रहने से धान की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और फसल के खराब होने की आशंका भी बढ़ जाती है।
खेतों में जलभराव रोकने करें उचित व्यवस्था
उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भरने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में किसान खेतों से पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करें। दलहन एवं तिलहन की फसलों में भी अधिक नमी के कारण कीट और रोगों का प्रकोप बढ़ने की आशंका रहती है। इसलिए किसान अपनी फसलों की नियमित निगरानी करें और जरूरत के अनुसार कृषि विशेषज्ञों से सलाह लें।
फसल को नुकसान होने पर तत्काल दें सूचना
इंजी. पाण्डेय ने किसानों से अपील की कि बारिश से फसल को नुकसान होने पर तत्काल संबंधित फसल बीमा कंपनी अथवा कृषि विभाग को सूचना दें। नुकसान की तस्वीरें और आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रखें तथा फसल बीमा के तहत निर्धारित समय-सीमा का पालन करें, जिससे नियमानुसार सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया में परेशानी न हो।
सतर्कता से कम किया जा सकता है नुकसान
इंजी. रवि पाण्डेय ने कहा कि किसानों की मेहनत से तैयार फसल को सुरक्षित रखना इस समय सबसे जरूरी है। बारिश के बीच लापरवाही से फसल की गुणवत्ता और उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने किसानों से मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने, कटी फसल को सुरक्षित रखने और जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि संभावित नुकसान को कम किया जा सके।




